उड़ीसा की तर्ज पर बड़हरा महंथ में निकाली गई भव्य रथयात्रा, उमड़ा जनसैलाब

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज :- 27/06/2025, शुक्रवार को जनपद के सिसवा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा बड़हरा महंथ भक्ति, उत्साह और आस्था के रंग में पूरी तरह रंग गया। उड़ीसा के पुरी धाम की परंपरा को जीवंत करते हुए यहां 239 वर्ष पुराने जगन्नाथ मठ से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई।

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को पंद्रह दिनों के एकांतवास के बाद भगवान जगन्नाथ ने भक्तों को दर्शन दिए। रथयात्रा से पूर्व मंदिर के गर्भगृह में मठाधीश महंथ संकर्षण रामानुज दास और पुजारियों द्वारा भगवान का 108 घड़ों की औषधियुक्त जल से स्नान कराया गया। मंगल आरती के बाद रथ पर भगवान को भाई-बहन के साथ विराजमान किया गया। लकड़ी के नंदीघोष रथ को श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ कंधों पर खींचा। रथयात्रा के दौरान अबीर-गुलाल उड़ते रहे, महिलाओं ने मंगलगीत गाती रही और देव झांकियों ने शोभायात्रा की दिव्यता बढ़ाती रही। रथयात्रा ने गांवों का भ्रमण करते हुए हिरणी नदी और बरवां दिगंबर नहर पर पहुंचकर देवमिलन के साथ समापन किया। इसके बाद भगवान को चांदी के सिंहासन पर विराजमान किया गया। रथयात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह की अगुवाई में निचलौल, सिंदुरिया, महिला कांस्टेबल, फायर सर्विस व पीएसी बल के जवान चाक-चौबंद सुरक्षा में तैनात रहे।

इस पावन अवसर पर रामवचन चौहान, ईश्वर मिश्र, पारस तिवारी, नरेंद्र, रमाशंकर सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *