हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल /महराजगंज। पनियरा विधानसभा क्षेत्र के परतावल में वृहस्पतिवार को महिला सभा की जिलाध्यक्ष सत्यभामा सिंह की अध्यक्षता में संगठन समीक्षा एवं बूथ स्तर की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर गहन चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि अतिथि देवरिया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व विधानसभा पनियरा के प्रभारी विजय प्रताप यादव रहे। जिनका जिले में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और पारंपरिक ढंग से उनका सम्मान किया गया। सत्यभामा सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से शुरू होती है, और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल सहभागी नहीं, बल्कि नेतृत्व की भूमिका में भी आगे आ रही हैं।
विजय प्रताप यादव ने कहा कि पार्टी की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने महिला मोर्चा की सक्रियता की सराहना की और कहा कि महिला कार्यकर्ताओं के योगदान से संगठन को नई दिशा मिलेगी। बैठक में विभिन्न मंडलों व बूथों के प्रभारियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने विजय प्रताप यादव को शुभकामनाएं दीं और संगठन हित में उनके सहयोग का भरोसा दिलाया।

