भारत-नेपाल सीमा पर 10 लाख के नशे के इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार, 5700 एम्पुल बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


छह महीने से चल रही थी तस्करी, नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने का खुलासा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 10 अप्रैल: भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इंजेक्शनों की भारी खेप बरामद हुई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से सोनौली की ओर जा रही एक कार को पुरन्दरपुर क्षेत्र के रानीपुर चौराहे पर रोका गया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से कुल 5700 एम्पुल इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें डायजेपाम, बुप्रेनॉरफिन और प्रोमेथाजीन जैसे इंजेक्शन शामिल हैं, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू (32 वर्ष) निवासी जुगौली, सोनौली और आदित्य कुमार मिश्र (30 वर्ष) निवासी कम्हरिया बुजुर्ग, कोल्हुई बाजार के रूप में हुई है। तलाशी में इनके पास से दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपये नकद और एक कार भी बरामद की गई।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले करीब छह महीने से इंजेक्शनों की तस्करी कर रहे थे और इन्हें नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि इन दवाओं का मिश्रण कर “कॉकटेल ड्रग” के रूप में युवाओं में तेजी से इस्तेमाल बढ़ रहा है, जो गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है।


मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



#MaharajganjNews #DrugTrafficking #IndoNepalBorder #BreakingNews #CrimeNews #UPPolice #NashaMukti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *