हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज- 09-05-2025, शुक्रवार को जनपद के विकास खंड सिसवां अंतर्गत ग्राम पकड़ी चौबे स्थित शिवगुरू महिला स्वयं सहायता समूह में सरकारी अनुदान के पैसों के गबन का मामला सामने आया है। समूह की महिलाएं अध्यक्ष के ऊपर समूह के पैसों को घोटाला करने का आरोप लगा रहीं हैं। समूह के सदस्यों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर जाँच की मांग किया है।
समूह की कुछ महिला सदस्यों ने आज जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर शिकायत की है कि समूह की अध्यक्ष द्वारा समूह के पैसों का मनमाना उपयोग किया जा रहा है, और विरोध करने पर उन्हें समूह से निकालने की धमकी दी जा रही है। महिला सदस्यों में मनीरा विश्वकर्मा, गुड्डी, विद्यवन्ता, और कस्तुरी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने जब समूह के खातों की पारदर्शिता को लेकर जानकारी माँगी तो अध्यक्ष ने उन्हें यह कहकर डांट दिया कि “मैं अध्यक्ष हूँ, जो चाहूँगी वही होगा।” महिलाओं का कहना है कि समूह को बड़ी मेहनत और लगन से खड़ा किया गया है, और ऐसे में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में ब्लॉक अधिकारी रंजन द्विवेदी से भी शिकायत की, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। उनका कहना है कि अधिकारी ने भी अध्यक्ष का पक्ष लेते हुए कहा कि समूह में वही होगा जो अध्यक्ष चाहेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 15 अगस्त 2024 को झंडा सिलाई कार्य सरकार द्वारा समूह को सौंपा गया था, लेकिन अध्यक्ष ने उसे अपने करीबी लोगों को दे दिया और बाजार से झंडा खरीदकर औपचारिकता पूरी कर ली।
महिलाओं ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अध्यक्ष और ब्लॉक अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की माँग की है ताकि भविष्य में महिला समूहों की गरिमा और सरकारी योजनाओं पर जनता का विश्वास बना रहे। इसी विश्वास पर महिलाएं समूह से जुड़ी रहें।

