हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल /महाराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर-10 शिवनगर स्थित सिंचाई विभाग की कॉलोनी में भगवान भोले शंकर मंदिर तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत पर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों की जांच करने के साथ ही स्थानीय लोगों की समस्या सुनी और सिंचाई विभाग को दो दिनों के भीतर रास्ता खोलने के निर्देश दिए।
बताया गया कि सिंचाई कॉलोनी में मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते पर बाउंड्रीवाल और गेट लगाकर आवागमन रोक दिया गया था। इससे मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद एसडीएम नवनीत त्रिपाठी, सीओ अंकुर गौतम और नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से जानकारी लेने के बाद मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित राजस्व अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दो दिन के अंदर बाउंड्री हटाकर मंदिर तक सार्वजनिक आवागमन का रास्ता बहाल किया जाए।
प्रशासन के इस निर्देश के बाद स्थानीय लोगों ने रास्ता खुलने की उम्मीद जताते हुए राहत की सांस ली। श्रद्धालुओं का कहना है कि रास्ता बहाल होने से मंदिर तक आने-जाने में हो रही परेशानी दूर हो जाएगी।

