बांस लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम की मौत, चालक पुलिस के हवाले

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



डेरवा मजार के पास हादसा, बाइक से पिता के साथ लौट रही थी बच्ची; घटना के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा-डेरवा संपर्क मार्ग पर डेरवा मजार के पास बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे बांस लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


जानकारी के अनुसार, डेरवा गांव के डेरिया टोला निवासी सरफराज अपनी दो वर्षीय बेटी फिजरा को बाइक पर बैठाकर तरकुलवा की ओर से डेरवा लौट रहे थे। डेरवा मजार के पास पीछे से आ रही बांस लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर के दौरान बाइक पर आगे बैठी मासूम सड़क पर गिर गई और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बांस लदा था और वह तरकुलवा-तिवारी क्षेत्र से डेरवा की ओर जा रहा था।


सूचना पर सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी छोटेलाल गोंड पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को थाने ले गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *