हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 25 अगस्त। बारावफात का त्योहार 26 अगस्त, बुधवार को मनाया जाएगा। त्योहार को सकुशल और जाममुक्त संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने नगर क्षेत्र में भारी एवं कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक नगर कस्बा महराजगंज में भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चार स्थानों पर नो-इंट्री एवं डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए हैं। इनमें सिंदुरिया नो-इंट्री डायवर्जन, शिकारपुर नो-इंट्री डायवर्जन, झंझनपुर नो-इंट्री डायवर्जन और गड़करी चौकी नो-इंट्री डायवर्जन शामिल हैं। इन स्थानों से भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि निर्धारित समय में नगर क्षेत्र में प्रवेश से बचें और यातायात पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित अवधि में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







