जनपद के सिसवा बाजार में करवाचौथ पर सुहागिनों ने की जमकर खरीदारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज- जनपद अन्तर्गत सिसवा के बाजार करवाचौथ पर्व पर सज गए हैं। गजरा, मेहंदी, लाल कांच की चूड़ियां और फैंसी करवे की खरीदारी में बाजारों में महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाओं के उत्साह और खुशी से बाजारों में रौनक दिखाई दे रहा था।

करवाचौथ पर्व के दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और खुशहाली की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखती हैं। इसी आस्था और प्रेम के त्योहार के चलते बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी पड़ी। ।
सुबह से ही बाजारों में महिलाओं का तांता लगा रहा। सोलह श्रृंगार की तैयारी के लिए डिजाइनर साड़ी, रेडीमेड सूट, लाल कांच की चूड़ियां, बैंगल सेट, सिंदूर, मेहंदी, बिंदी, गजरा और मेकअप से जुड़े आइटम खास तौर पर बिके। बाजारों की दुकानों और स्टॉलों पर भीड़ इतनी थी कि कई बार दुकानदारों को ग्राहकों को इंतजार कराना पड़ता था। विशेष रूप से चूड़ी और मेहंदी के स्टॉल पर तो शाम तक भीड़ लम्बी कतारों में बदल गई।
करवाचौथ का पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए खास महत्व रखता है। यह न केवल पति की लंबी उम्र के लिए व्रत का दिन है, बल्कि यह महिला शक्ति, परिवार और रिश्तों के प्रति उनके समर्पण का भी प्रतीक है। इस दिन महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं और रात में चंद्रमा को देखकर व्रत खोलती हैं। इस दिन त्योहार की रौनक बाजारों से लेकर घर-घर तक देखने को मिलती है।

गुरुवार को नगरपालिका सिसवा के बाजारों में करवाचौथ की तैयारियों के चलते उमड़ी भीड़ ने पर्व की गरिमा और महत्ता को फिर से साबित कर दिया। महिलाओं की खरीदारी के साथ-साथ उनके उत्साह और श्रद्धा ने पूरे क्षेत्र को पर्व के रंग में रंग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *