सावन के अंतिम सोमवार झारखंडी शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। सावन के अंतिम सोमवार को श्यामदेउरवा स्थित श्री श्री 1008 झारखंडी शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर चार बजे से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर जलाभिषेक किया। इस दौरान दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, अक्षत और भस्म अर्पित कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।


मंदिर परिसर में पूरे दिन ‘ॐ नमः शिवाय’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक और विशेष पूजन कर परिवार की सुख-शांति, आरोग्य एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।


मान्यता है कि श्री श्री 1008 झारखंडी शिव मंदिर का इतिहास प्राचीन काल से जुड़ा है। सावन माह में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।


इस अवसर पर ग्रामीणों की ओर से अखंड रामायण पाठ का भी आयोजन किया गया। आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पाठ में सहभागिता की। मंत्रोच्चार और रामायण की चौपाइयों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। पाठ के समापन के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।


आयोजन में शिवराम दुबे, ध्यानचंद, राजकुमार सिंह, सुरेंद्र चौहान, राम चौहान, शिवम जायसवाल, ओंकार सिंह, रामसज प्रसाद, गौतम तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *