पुलिस ने सचिवालय में चोरी व नकबजनी के चार वांछित आरोपी दबोचे, चोरी का सामान बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


भिटौली, महराजगंज। भिटौली पुलिस ने चोरी और नकबजनी के मामलों में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को 22 अगस्त को नौनिया टोला चौराहे से जमुनिया जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर धर्मपुर गंगराई नहर रोड के पास झाड़ियों से चोरी का सामान बरामद किया गया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार निवासी लक्ष्मीपुर देउरवा, कन्हई राजभर निवासी चंदन चाफी टोला बड़हवा नर्सरी, बृजेश यादव निवासी मिठौरा जंगल और दिलीप चौहान उर्फ टमाटर निवासी चंदन चाफी टोला बड़हवा नर्सरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों के खिलाफ भिटौली थाने में चोरी व नकबजनी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं आरोपी दिलीप के खिलाफ एक अन्य मामले में भी कार्रवाई की गई है।


पुलिस ने आरोपियों के पास से दो बैटरी, एक इनवर्टर, एक सीपीयू, एक मॉनीटर, एक कीबोर्ड और एक जोड़ी पीली धातु के कान के झुमके बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें भिटौली, श्यामदेउरवा और पनियरा थानों में चोरी सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *