परतावल /महाराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल में लगे मेले में बिना टिकट प्रवेश करने से रोकना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज युवक ने अगले दिन अपने चार-पांच साथियों के साथ कर्मचारी को घेर लिया और लोहे की रॉड व पंच से हमला कर दिया। घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कान में सात टांके लगाए गए हैं।
लखनऊ निवासी वारिस खान परतावल नगर पंचायत में लगे मेले में कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। वारिस के मुताबिक, 18 अगस्त को एक युवक मेले की बाउंड्री कूदकर बिना टिकट अंदर प्रवेश कर गया था। रोकने पर युवक ने गाली-गलौज करते हुए देख लेने की धमकी दी और वहां से चला गया।
आरोप है कि 19 अगस्त को वारिस बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी युवक ने चार-पांच साथियों के साथ उसे रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लोहे की रॉड और पंच से वार किए, जिससे वारिस सड़क पर गिर पड़ा और उसके कान से खून बहने लगा। राहगीरों ने घायल को सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसके कान में सात टांके लगाए। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।

