स्वर्गीय राहुल सिंह की संदिग्ध मौत की CBI जांच की मांग, परिवार को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने की अपील

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज। जनपद के नगर पालिका परिषद सिसवा निवासी स्वर्गीय राहुल सिंह पुत्र संजय सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को लेकर सैथवार मल्ल महासभा के पदाधिकारियों ने गंभीर चिंता जताई है। महासभा ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है, ताकि राहुल सिंह की मौत के पीछे की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके और यदि कोई दोषी हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

महासभा के पदाधिकारियों के अनुसार, स्वर्गीय राहुल सिंह महज 22 वर्ष की उम्र में ही विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बाल वैज्ञानिक थे। उन्होंने समाज और देशहित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए तथा अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन किया।
बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को लखनऊ के गोमती नगर स्थित हैनिमैन चौराहा के पास नोवोटेल होटल में राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस घटना को लेकर परिवार और समाज के लोगों में कई सवाल हैं।

महासभा ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों और किसी संभावित जिम्मेदारी का स्पष्ट पता चल सकेगा।
महासभा ने सरकार से मांग की कि राहुल सिंह की मृत्यु की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि राहुल सिंह अपने परिवार के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते थे और उनके असामयिक निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में सरकार से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ ही उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

सैथवार मल्ल महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय राहुल सिंह के परिवार को न्याय और आर्थिक सहारा दिलाने के लिए वे हरसंभव स्तर पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच शुरू कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *