जमीन कब्जे के विरोध पर महिला-बेटी से मारपीट, तीन पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल टोला अटकहवा में जमीन विवाद को लेकर महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


अन्नू सिंह पत्नी रामासिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर रिश्तेदार पवन सिंह पुत्र देवसरन सिंह, उनकी पत्नी मधुमिता और सविता पत्नी नंदलाल सिंह जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी प्रियंका के साथ भी हाथापाई की गई।


पीड़िता के मुताबिक विवाद के दौरान जमीन पर बनी बाउंड्री को भी तोड़ दिया गया। उनका कहना है कि उक्त बाउंड्री कोर्ट के आदेश के बाद बनवाई गई थी। आरोप है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों को भी धमकी दी गई।


पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को प्राप्त तहरीर के आधार पर पवन सिंह, मधुमिता और सविता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *