कोटेदारों का लाभांश बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल, जिले के विक्रेताओं में खुशी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा, ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ


महराजगंज, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की। लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की सीधी वृद्धि से जिले समेत प्रदेशभर के कोटेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई।


जिला मुख्यालय स्थित तहसील सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं और अधिकारियों ने कार्यक्रम देखा। इस दौरान उचित दर विक्रेताओं ने बड़ी माला पहनाकर विधायक का स्वागत किया।


मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने कोटेदारों के हित में लाभांश बढ़ाकर उनके आर्थिक हितों को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार की खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।


विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लगातार अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली से व्यवस्था में और सुधार आएगा तथा पात्र लाभार्थियों को समय से और पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


उन्होंने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने के लिए सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। इससे खाद्यान्न सीधे उचित दर दुकानों तक पहुंच सकेगा और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।


इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार, उप जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, देशदीपक त्रिपाठी, विवेक श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *