शैक्षणिक संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगे बच्चे

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में देशभक्ति और उत्साह के साथ समारोह आयोजित किए गए। अक्षयबर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, बापू लघु माध्यमिक विद्यालय नटवा जंगल तथा एएसपीएम पब्लिक स्कूल सुमेरगढ़ में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया।


इन संस्थानों में प्रबंधक कृष्ण मोहन सिंह ‘बबलू’, निदेशक अम्बरीष मल्ल, प्राचार्य डॉ. हरे कृष्ण सिंह तथा प्रधानाचार्य जयमाला मल्ल और अमित सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। पूरे दिन विद्यालय परिसरों में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।


उमा टेक्निकल इंस्टीट्यूट में भी हुआ भव्य आयोजन


इसी क्रम में पनियरा मार्ग स्थित उमा टेक्निकल इंस्टीट्यूट में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। संस्थान के निदेशक कमलेश सिंह तथा अतिथि सुधीर चन्द्र पाण्डेय और राकेश सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।


समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। युवाओं का दायित्व है कि वे शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ देश की प्रगति में योगदान दें। अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *