हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। द इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH) द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ड्राइंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता में ए.एस.पी.एम. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा प्रज्ञा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सन्नी निषाद ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि अक्षयबर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरि कृष्ण सिंह एवं समाजसेवी तथा वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चन्द्र पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विद्यालय के चेयरमैन कृष्ण मोहन सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्था का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अमरीश मल्ल, प्रधानाचार्या जयमाला मल्ल, उप-प्रधानाचार्य अमित सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने प्रज्ञा सिंह एवं सन्नी निषाद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

