खुशहालनगर स्टेशन के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, जेब से मिला सुसाइड नोट

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के खुशहालनगर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म के पास गुरुवार तड़के एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। युवक लाल रंग की टी-शर्ट पहने मुंह के बल पड़ा मिला।


जानकारी के अनुसार गुरुवार को करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक के पास अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक को ट्रेन संख्या 55095 के गार्ड शीतल प्रसाद ने सबसे पहले देखा था और उसे ट्रैक से हटाकर प्लेटफार्म पर लिटा दिया था। इसी दौरान युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।


परिजनों द्वारा युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान श्याम कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय गणेश, निवासी वार्ड नंबर 9 थाना घुघली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।


घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के अनुसार मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपने जीवन से हार मानने की बात लिखते हुए घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *