स्कूल से लौट रहे 12 वर्षीय छात्र की सड़क हादसे में मौत, नहर पटरी पर बाइक ने मारी टक्कर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय

घुघली, महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव के सामने नहर पटरी पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र अभिषेक चौधरी की मौत हो गई। मृतक नरायनपुर दक्षिण टोला निवासी सुभाष चौधरी का पुत्र था और घुघली स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद वह स्कूल से घर लौट रहा था, इसी दौरान नहर पटरी पर तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।

वहीं, मामले का सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान लेते हुए महराजगंज पुलिस ने अपने आधिकारिक पेज पर बताया कि प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष घुघली को निर्देशित किया गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने नहर पटरी पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर नियंत्रण लगाने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *