हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली / महराजगंज। शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर सोमवार सुबह हल्की बारिश के दौरान एक फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया। चालक के सुरक्षित होने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, फोर व्हीलर बल्लों की ओर से शिकारपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान बारिश के बीच सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा। वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। हादसे के बाद चालक स्वयं वाहन से सुरक्षित बाहर निकल आया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहन बल्लों के कोटेदार का बताया जा रहा है, जिसे उनका पुत्र चला रहा था। वह किसी कार्य से शिकारपुर की ओर जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और जगह-जगह बने गड्ढों को हादसे की वजह माना जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

