हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। जीडी नेशनल स्कूल धनहा नायक में नाग पंचमी के उपलक्ष्य में एवं स्वतंत्रता दिवस के पूर्व छात्राओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला, रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने अपने हाथों पर आकर्षक एवं कलात्मक मेहंदी की विभिन्न डिजाइनों को उकेरा। पारंपरिक भारतीय संस्कृति और त्योहारों से जुड़ी कलाकृतियों के साथ छात्राओं ने कई आकर्षक एवं नवीन डिजाइनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के निदेशक इंजीनियर चंदन गुप्ता ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की कला, रचनात्मकता और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसे सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन किया गया। साक्षी सिंह, राजनंदनी, अन्वी, मानवी और अमृता ने टॉप-5 स्थान प्राप्त किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।




