दुकान पर खड़े युवक को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


घुघली/महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के निचलौल-पुरैना मुख्य मार्ग पर गोपाला पुल के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था।


जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के बड़हरा महेश टोला, पकड़ी अमहवा निवासी कौशल गुप्ता (35) शुक्रवार को अपनी दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कौशल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।


मां-बाप के इकलौते बेटे थे कौशल


कौशल अपने मां-बाप के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता, बेटा समर (14) और बेटी सोनम (12) हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव और परिवार में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *