अक्टूबर तक पूरा करें सोनौली आईसीपी के प्रथम फेज का काम: डीएम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



निर्माण में देरी पर एलपीएआई अधिकारियों को लगाई फटकार, गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज, 10 अगस्त। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को सोनौली स्थित नव-निर्मित अंतर्राष्ट्रीय चेक पोस्ट (आईसीपी) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और प्रस्तावित यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने एलपीएआई अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए अक्टूबर माह तक प्रथम फेज का कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और तकनीकी स्पेसिफिकेशन के अनुरूप ही कराए जाएं। निर्माण में किसी भी स्तर पर कमी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।



निरीक्षण के दौरान डीएम ने भारत-नेपाल के बीच वाहनों के आवागमन, प्रस्तावित यातायात व्यवस्था और अंतर्राष्ट्रीय भवन के विभिन्न सेक्शनों की जानकारी ली। एलपीएआई अधिकारियों ने बताया कि करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही परियोजना में कार्गो टर्मिनल, पैसेंजर टर्मिनल, वेयरहाउस, पार्किंग समेत कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आईसीपी में इमिग्रेशन, कस्टम सहित अन्य आवश्यक कार्यालय भी स्थापित किए जाएंगे।

अधिकारियों के अनुसार, आईसीपी के शुरू होने से भारत-नेपाल के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को सुगमता मिलेगी। साथ ही दोनों देशों के आयातकों-निर्यातकों के अलावा पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने एसडीएम नौतनवा को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करें तथा किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तत्काल जानकारी उपलब्ध कराएं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, उपजिलाधिकारी नौतनवा और एलपीएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *