सागौन की अवैध कटान पर एसएसबी-वन विभाग का शिकंजा, 20 बोटा लकड़ी व पिकअप जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


नौतनवा, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। हरदीडाली सीमा चौकी क्षेत्र में संयुक्त गश्त के दौरान टीम ने अवैध रूप से काटी जा रही सागौन की लकड़ी के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। मौके से 20 बोटा सागौन की लकड़ी और बोलेरो पिकअप वाहन बरामद कर जब्त किया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी नेपाल सीमा की ओर भागने में सफल रहा।


बताया गया कि 66वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी हरदीडाली के सहायक उपनिरीक्षक अर्जुन दास एवं वन चौकी उत्तरी चौक के उपनिरीक्षक जितेंद्र गौड़ के नेतृत्व में टीम सीमा स्तंभ संख्या 524 से 525 के बीच गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुरदहिया घाट के समीप सागौन के बगीचे से लकड़ी काटने की मशीन चलने की आवाज सुनाई दी।


टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि हरा सागौन का पेड़ काटकर उसके टुकड़े किए जा रहे थे और दो व्यक्ति लकड़ी को पास खड़ी बोलेरो पिकअप में लादने का प्रयास कर रहे थे। संयुक्त टीम को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे। घेराबंदी के दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा नेपाल सीमा की निकटता का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोला गुप्ता निवासी परसौनी कला, थाना नौतनवा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने वाहन का मालिक और चालक होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह कथित रूप से प्रमोद महाजन निवासी चड़लहा के कहने पर सागौन की लकड़ी उसके बताए ठिकाने तक पहुंचाने जा रहा था।


लकड़ी और वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर टीम ने मौके से बरामद 20 बोटा सागौन की लकड़ी और बोलेरो पिकअप को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी, लकड़ी और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग की रेंज उत्तरी चौक कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया।


वन विभाग और एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *