दो-तीन महीने में ही फटने लगी जड़ार-बरियारपुर सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मरम्मत के बाद जगह-जगह दरार और उभार, ग्रामीणों ने तकनीकी जांच कराकर पुनः मरम्मत की मांग की


पनियरा/महराजगंज। ग्राम सभा जड़ार से बरियारपुर को जोड़ने वाली सड़क की हाल में कराई गई मरम्मत महज दो-तीन महीने में ही सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों के अनुसार मार्च 2026 के आसपास कराई गई सड़क की मरम्मत के बाद जगह-जगह दरारें पड़ने लगी हैं। कई स्थानों पर सड़क की सतह उभरकर ऊपर आ गई है। सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक किलोमीटर सड़क की मरम्मत के दौरान पहले गिट्टी बिछाई गई। इसके बाद रोलर चलाकर उसे दबाया गया। बड़ी गिट्टी के ऊपर मिट्टी और महीन पत्थर का चूर्ण डालकर सतह को समतल किया गया तथा अंतिम चरण में तारकोल मिश्रित गिट्टी डालकर मशीन से सड़क तैयार की गई। निर्माण के बाद कुछ समय तक सड़क बेहतर दिखाई दी, लेकिन वाहनों का आवागमन शुरू होने के कुछ ही समय बाद कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगीं।


वर्तमान में सड़क की कई जगह परत फटने के साथ ही सतह फूलती हुई नजर आ रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है।


दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग


जड़ार-बरियारपुर मार्ग से जड़ार, बरियारपुर, पिपरपाती, बासपार, जमुनिया, बिन्दवलिया, सोहरौना तिवारी और पिपरिया समेत आसपास के कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं। यह मार्ग विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क के खराब होने से आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।


तकनीकी जांच की मांग


ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में मानकों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था से नियमानुसार सड़क की पुनः मरम्मत कराई जाए।


ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि महत्वपूर्ण मार्ग समय से पहले जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *