पुरानी रंजिश में युवक की कुदाल से हमला कर हत्या, प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ था विवाद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में रविवार की रात पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, खड़खोड़ा गांव निवासी हजारी (28) पुत्र राजकुमार मछली पालन का काम करता था और अपने परिवार के साथ रहता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 8:30 बजे कुछ लोग उसके घर पहुंचे। इसी दौरान किसी पुराने विवाद और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान हजारी पर कुदाल से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सीएचसी लोटन, सिद्धार्थनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

करीब 10 साल पहले गांव में आया था हजारी

ग्रामीणों के अनुसार, हजारी करीब 10 वर्ष पहले खड़खोड़ा गांव में आया था। बाद में जमीन लेकर उसने यहीं अपना घर बना लिया और गांव में रहने लगा। उसके दो बच्चे भी उसके साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी और वह अलग रह रही थी।

प्रेम प्रसंग को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

ग्रामीणों का दावा है कि हजारी का दूसरी बिरादरी की एक युवती से कथित रूप से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। रविवार रात युवती के परिजनों के हजारी के घर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *