रुद्रापुर में निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, जयघोष से गूंजा क्षेत्र

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज। विकास खंड परतावल के रुद्रापुर गांव में आयोजित श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ के अवसर पर शुक्रवार की शाम भगवान श्रीराम की भव्य बारात श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। बारात में शामिल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।


शाम करीब छह बजे रामलीला प्रांगण से गाजे-बाजे, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ बारात का शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीराम की सजीव झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बारात रुद्रापुर से निकलकर तरकुलवा तिवारी होते हुए ग्राम सभा डेरवा निवासी जगदीश पाण्डेय के दरवाजे तक पहुंची, जहां बारातियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।


बारात के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम की बारात का स्वागत किया। धार्मिक उत्साह और आस्था से सराबोर माहौल ने सभी का मन मोह लिया। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारात देखने पहुंचे।


बारातियों के स्वागत में जगदीश पाण्डेय, रविंद्र नाथ पाण्डेय, शम्भू पटेल, राम विजय गौड़, कृपाल पटेल, बब्लू पटेल, भगवंत पटेल, आशीष पाण्डेय, कैलाश पाण्डेय, कृष्ण मुरारी, मुन्ना, चन्द्रभान, गुड्डू, सुनील, राम ललित और राकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन की भव्यता और धार्मिक माहौल की लोगों ने जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *