सावन के प्रथम दिन शिव-पार्वती की मनमोहक प्रस्तुति ने मोहा मन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जी.डी. नेशनल स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने बिखेरा भक्ति का रंग

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल/महराजगंज। सावन मास के प्रथम दिन जी.डी. नेशनल स्कूल, धनहा नायक में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान शिव-पार्वती की आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।


कार्यक्रम में छात्रा डिंपल गुप्ता ने भगवान महादेव (शिव) तथा ब्यूटी वर्मा ने माता पार्वती की भूमिका का प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं सौर्य सिंह एवं रुद्र सिंह ने भगवान शिव के पुत्रों का मनोहारी रूप प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।


विद्यालय के निदेशक इंजीनियर चंदन गुप्ता ने कहा कि सावन के प्रथम दिन इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति श्रद्धा एवं जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक हेमंत, जितेंद्र, बिपिन, मनोरमा और जानवी सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *