मासूम को सांप ने डसा, हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बरगदही गांव की घटना, खेलते समय हुआ हादसा; इकलौते बेटे के इलाज को लेकर परिवार चिंतित

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में खेलते समय चार वर्षीय मासूम को सांप के डसने से उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल, फिर महराजगंज रेफर किया गया। हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया, जहां उसका उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार बरगदही निवासी ऐनुल हक का चार वर्षीय पुत्र आसिफ बुधवार की शाम करीब छह बजे घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक किसी विषैले सांप ने उसके पैर में काट लिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए।


परतावल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। वहां भी हालत नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया।


बताया जाता है कि आसिफ परिवार का इकलौता बेटा है और उसकी दो बहनें हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की जा रही है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *