हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 10 मार्च। आगामी 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल व नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज और जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम और परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए जांच स्थल का अवलोकन किया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल, सुविधाजनक फर्नीचर तथा स्वच्छ शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन हो, इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता बरतें।
उन्होंने परीक्षार्थियों के प्रवेश और जांच प्रक्रिया को सुचारु ढंग से संचालित करने तथा किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 व 15 मार्च को चार पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4560 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 18,240 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। जनपद में इसके लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


