खेत देखने गए किसान पर अचानक किया हमला, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी; ग्रामीणों में दहशत
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के पकड़ी रेंज अंतर्गत कटहरा वन चौकी क्षेत्र में रविवार को एक किसान पर वन्यजीव के हमले से इलाके में दहशत फैल गई। जंगल से निकलकर खेत की ओर गए वन्यजीव ने किसान पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटहरा गांव के रामनगर टोला निवासी 50 वर्षीय संतलाल पुत्र घुरहू रविवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे लमुहा के समीप स्थित अपने खेत का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले वन्यजीव ने उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में संतलाल के हाथ और पीठ पर चोटें आईं।
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र होते और शोर मचाते देख वन्यजीव वापस जंगल की ओर लौट गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को सुरक्षित बाहर निकाला और परिजनों की सहायता से निजी वाहन से जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद कटहरा, रामनगर सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। जंगल से सटे खेतों में खेती करने वाले किसानों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त, वन्यजीव की लगातार निगरानी तथा लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।


पकड़ी रेंज के रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा वनकर्मी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जंगल के किनारे अनावश्यक आवाजाही न करें, भीड़ न लगाएं तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

