‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिसवा नगर पालिका ने किया वृहद वृक्षारोपण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज, 12 जुलाई 2026 । पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार द्वारा रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वार्ड नंबर 5 गांधी नगर (सिसवा खुर्द) में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में हरे-भरे वृक्ष बनकर पर्यावरण को संतुलित रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

अधिशासी अधिकारी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, तभी यह अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, सभासदगण, वरिष्ठ लिपिक विष्णु प्रसाद, विनोद गुप्ता, अनिल गुप्ता, मोतीलाल, मेहताब, आईईसी टीम उद्धारक इंटरप्राइजेज के कर्मचारी, सफाई नायक संतोष गौड़, जोगेंद्र राय, दीपू कुमार, रमाकांत राय तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पौधरोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। नगर पालिका ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखरेख करने की अपील की ताकि सिसवा को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त नगर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *