हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोनौली पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 49.42 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में 11 जुलाई को थाना सोनौली पुलिस एवं एसएसबी की 66वीं वाहिनी की संयुक्त टीम डण्डा हेड पुल (आईसीपी के पास) पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 49.42 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सलमान (20 वर्ष) पुत्र अब्दुल हेरा, निवासी ग्राम जिगनिहा, थाना कोल्हुई, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना सोनौली पर मु0अ0सं0 67/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

