घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी बरामद
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म एवं आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना से संबंधित तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पनियरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मामले में बलात्कार, पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जानकारी के मुताबिक किशोरी का एक युवक से परिचय था। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से उसे डराकर गलत कृत्य किया गया तथा आपत्तिजनक वीडियो के माध्यम से दबाव बनाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना पनियरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास, राजन एवं मनीष शामिल हैं। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने किया। कार्रवाई में थाना पनियरा की पुलिस टीम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

