चौक नगर पंचायत में नियमों को ताक पर रख चल रहे पैथोलॉजी सेंटर, मरीजों की सेहत से खिलवाड़ के आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



बिना मानकों के संचालन और मनमानी वसूली की शिकायतें बढ़ीं, सीएमओ ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। नगर पंचायत चौक क्षेत्र में कथित रूप से बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक मानकों के संचालित हो रहे पैथोलॉजी सेंटरों को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई सेंटर स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित नियमों का पालन किए बिना संचालित हो रहे हैं, जिससे मरीजों को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है बल्कि गलत जांच रिपोर्ट मिलने का भी खतरा बना हुआ है।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अनेक पैथोलॉजी सेंटरों पर योग्य तकनीकी कर्मचारियों और विशेषज्ञों की उपलब्धता संदिग्ध है। इसके बावजूद विभिन्न प्रकार की जांचें की जा रही हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार जांच रिपोर्टों की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं, जिससे मरीजों के इलाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।


क्षेत्रवासियों के अनुसार कुछ सेंटरों पर मरीजों को आवश्यकता से अधिक जांच कराने की सलाह दी जाती है और इसके बदले उनसे मनमाने शुल्क वसूले जाते हैं। इससे आम लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।


नागरिकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित सभी पैथोलॉजी सेंटरों का व्यापक सत्यापन कराया जाए। जो संस्थान बिना पंजीकरण या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि मरीजों को सुरक्षित और विश्वसनीय जांच सुविधाएं मिल सकें।


इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी महराजगंज डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों की जांच कराई जाएगी और यदि कोई पैथोलॉजी सेंटर बिना लाइसेंस अथवा नियमों के उल्लंघन में संचालित मिलता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *