भिटौली (महराजगंज)। भिटौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 90 हजार रुपये मूल्य के चोरी के सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, बिशुनपुरा निवासी शिवकुमार अपनी पत्नी अंजीरा देवी का इलाज कराने गोरखपुर गए हुए थे। इलाज के बाद 3 जुलाई को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे तथा कमरे में रखे बॉक्स का ताला टूटा हुआ है। जांच करने पर बॉक्स में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए भिटौली थाने में तहरीर दी।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी गांव के चौराहे पर कुछ जेवरात बेचने पहुंचा था, लेकिन स्वर्णकारों को संदेह होने पर उन्होंने जेवर खरीदने से इनकार कर दिया। बाद में आरोपी द्वारा जेवर अन्य स्थान पर बेचने की सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी।
भिटौली पुलिस ने शनिवार तड़के बभनौली-बिशुनपुरा मार्ग स्थित पुलिया के पास से शशिकांत वर्मा 20 वर्ष, पुत्र राधेश्याम वर्मा निवासी बिशुनपुरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के सोने के जेवरात बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। बरामद जेवरात पुलिस कब्जे में हैं तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

