236 लीटर अवैध कच्ची शराब की गई नष्ट, 29 मामलों के माल पर चला प्रशासनिक डंडा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


न्यायालय के निर्देश पर थाना चौक परिसर में कराया गया विनिष्टीकरण, अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई


महराजगंज। अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद की गई 236 लीटर कच्ची शराब को नष्ट करा दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में संपन्न कराई गई।


जानकारी के अनुसार, आबकारी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज 29 मुकदमों में जब्त अवैध कच्ची शराब को लंबे समय से सुरक्षित रखा गया था। माननीय न्यायालय के निर्देश मिलने के बाद थाना चौक परिसर में गड्ढा खोदकर पूरी शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। प्रक्रिया के दौरान पंचनामा तैयार किया गया तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।


विनिष्टीकरण की कार्रवाई के समय क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार अंकुर सिद्धार्थ, आबकारी निरीक्षक गिरिश कुमार, प्रभारी निरीक्षक मनीष पटेल, हेड मोहर्रिर अनिल यादव समेत पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया विधिसम्मत ढंग से संपन्न कराई गई।


पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े मामलों में सख्ती बरती जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *