पकौड़ी खिलाने से इंकार पर सैलून में खूनी बवाल, गले पर छुरे के वार से युवक घायल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


विशुनपुरवा चौराहे पर नाबालिगों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस चौकी में पंचायत के बाद दोनों पक्षों में हुआ समझौता

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। कोतवाली क्षेत्र के बागापार टोला विशुनपुरवा चौराहे पर रविवार शाम एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। सैलून की दुकान पर पकौड़ी खिलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और छुरेबाजी तक पहुंच गया। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार चौराहे स्थित एक सैलून की दुकान पर कुछ किशोर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान पकौड़ी खिलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर एक युवक ने दाढ़ी बनाने वाले छुरे से हमला कर दिया, जिससे सैलून संचालक के गले पर चोट लग गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया।


घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। बाद में घायल पक्ष द्वारा पुलिस चौकी पर तहरीर दी गई। जांच के दौरान सामने आया कि विवाद में शामिल दोनों पक्षों के लड़के नाबालिग हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई। ग्रामीणों और संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई, जिसमें दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते पर राजी हो गए। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कानूनी कार्रवाई से इंकार करते हुए विवाद समाप्त करने की लिखित सूचना पुलिस को दे दी।


चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद दोनों पक्षों को बुलाया गया था। आपसी सहमति और लिखित समझौते के बाद मामला शांतिपूर्वक निस्तारित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *