बेलवाकाजी पुल पर मोरंग लदा ट्रेलर पलटा, रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे जा गिरा; रात में बैट्री चोरी का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। कोतवाली क्षेत्र के बागापार चौकी अंतर्गत बेलवाकाजी पुल पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मोरंग-बालू से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की उत्तरी रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया गया।


जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (संख्या यूपी 53 एचटी 8927) बागापार की ओर से फुरसतपुर की तरफ जा रहा था। रात करीब 11 बजे बेलवाकाजी पुल पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रेलर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया, जिससे मौके पर तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।


ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला। सूचना पर बागापार चौकी पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना के बाद आशंका जताई गई कि कहीं ट्रेलर के नीचे कोई व्यक्ति दबा न हो। इसे देखते हुए पुलिस ने लगभग एक घंटे तक मौके पर सघन तलाशी अभियान चलाया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाद में संबंधित व्यक्ति के सकुशल घर पहुंचने की पुष्टि होने पर राहत मिली।


बुधवार सुबह चालक ने पुलिस को बताया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोग दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के पास पहुंचे और वाहन में रखा सामान तथा बैट्री खोलकर ले गए। सुबह जांच करने पर बैट्री और अन्य सामान गायब मिलने के बाद चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। चालक चौक थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव का निवासी बताया गया है।
दुर्घटना के कारण पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पलटा ट्रेलर लंबे समय तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। घटनास्थल पर दिनभर स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही।


बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी। चालक द्वारा बैट्री और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत भी मिली है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *