दजनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव में वैज्ञानिक पशुपालन पर जोर, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक सम्मानित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर दुग्ध स्वर्ण महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की। इस दौरान जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों, पशु चिकित्सकों, दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों तथा दुग्ध सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार है। वैज्ञानिक पशुपालन, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और आधुनिक डेयरी तकनीकों को अपनाकर पशुपालक दुग्ध उत्पादन के साथ अपनी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र पशुपालक तक पहुंचाने का आह्वान किया।


मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, रोगों की रोकथाम, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु पोषण तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पशु ही गुणवत्तापूर्ण और अधिक दुग्ध उत्पादन का आधार हैं, इसलिए नियमित टीकाकरण, समय पर उपचार और वैज्ञानिक प्रबंधन आवश्यक है।


कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों ने आधुनिक डेयरी प्रबंधन, दुग्ध गुणवत्ता सुधार, पशु कल्याण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित भी किया गया।


कार्यक्रम के अंत में पशुपालकों से वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक पशुपालन अपनाकर विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक उमाशंकर शर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *