हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
फरेंदा, महराजगंज। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेंदा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने मौके पर लगभग 18 से 20 कुंतल लहन नष्ट कर दिया तथा एक पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम निरनाम पश्चिमी टोला नगेशरपुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं बड़ी मात्रा में तैयार लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में सिधवार निवासी शिवशंकर यादव उर्फ सिनक, नगेशरपुर निवासी कुसमावती एवं प्रमिला साहनी तथा गुदरीपुर निवासी मालती शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शिवशंकर यादव के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अलावा अन्य आपराधिक धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कुसमावती और मालती के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कई पुराने मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उपनिरीक्षक गोविन्दर यादव, शैलेश सिंह, विजयशंकर यादव, कलीमुल्लाह खान, अमित कुमार मौर्य सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे।

