करबला मार्ग पर पुलिया निर्माण की मांग तेज, मोहर्रम से पहले समाधान की उठी आवाज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


फरेंदा/महराजगंज। बहदुरी बाजार स्थित करबला तक पहुंचने के लिए पुलिया निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। तहजियादार कमेटी के अध्यक्ष कमरुद्दीन ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि करबला तक जाने वाले मार्ग पर नहर होने के बावजूद वर्षों से पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि बहदुरी बाजार स्थित करबला पर दर्जनों ग्राम सभाओं के लोग धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन नहर पर पुलिया न होने के कारण आवागमन में कठिनाई बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से नहर विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जाता रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के अभाव में न केवल करबला आने-जाने में दिक्कत होती है, बल्कि विद्यालय जाने वाले बच्चों को भी जोखिम भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।


तहजियादार कमेटी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सरयू नहर विभाग को निर्देशित कर तत्काल पुलिया निर्माण कराया जाए, ताकि आगामी मोहर्रम पर्व के दौरान ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सुचारु रूप से हो सके। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *