हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली /महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को बेलवा टिकर–सोनबरसा मार्ग स्थित नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लगातार दूसरे दिन नहर से शव बरामद होने की घटना ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह राहगीरों और ग्रामीणों ने नहर में एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल घुघली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने पहचान संबंधी प्रयास तेज कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व भी पड़री खुर्द के समीप इसी नहर में एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। उस शव की भी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। लगातार दो दिनों में नहर से दो अज्ञात शव मिलने की घटनाओं ने क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

