घरेलू विवाद सुलझाने पहुंचे जवान ने युवक को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज।कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा सोहट गांव में घरेलू कलह की सूचना पर पहुंची पुलिस की भूमिका इन दिनों चर्चा में है। आपात सेवा 112 के तहत मौके पर पहुंची पीआरवी टीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहा है।
मामला पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। महिला ने कथित मारपीट से परेशान होकर 112 नंबर पर फोन कर मदद मांगी थी। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू हुई। वीडियो में महिला अपने पति पर हाथ उठाने का आरोप लगाती दिखती है। इसी दौरान पूछताछ में युवक द्वारा दिए गए जवाब से माहौल गर्म हो गया, जिसके बाद पुलिसकर्मी ने आपा खोते हुए उसे थप्पड़ मार दिया।
घटना का यह दृश्य वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ लोग इसे तत्काल नियंत्रण की कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए अनुशासनहीनता करार दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि युवक दलित समुदाय से है, जिस कारण मामला और संवेदनशील हो गया है। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से अब तक न तो वीडियो की पुष्टि की गई है और न ही किसी प्रकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू हिंसा जैसे मामलों में पुलिस की मौजूदगी जरूरी है, लेकिन कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर विभागीय जांच और उच्च अधिकारियों के रुख का इंतजार किया जा रहा।



