महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह और आकांक्षा हाट का आयोजन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज- 31 जुलाई 2025, कलेक्ट्रेट परिसर में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह और आकांक्षा हाट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन   जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल और विधायक सदर द्वारा किया गया।

अतिथिगण द्वारा इस अवसर पर आयोजित आकांक्षा हाट का अवलोकन भी किया गया। उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आज यहाँ आकांक्षा हाट 2025 का शुभारम्भ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से आज यहाँ आकांक्षा हाट का उद्घाटन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महिला उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों एवं कौशलों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच भी प्रदान कर रहा है।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि आकांक्षा हाट स्थानीय युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाएगा। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में विकास और रोजगार की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं और यह हाट आकांक्षी जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि आकांक्षी हाट योजना आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। यह पहल स्थानीय उत्पादों को बाजार प्रदान करेगी, जिससे ग्रामीणों, शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इससे आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी बल मिलेगा। युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और परंपरागत कला-संस्कृति को संरक्षण मिलेगा। आकांक्षी हाट केवल एक बाजार नहीं, बल्कि विकास की नई राह है, जो लोगों को सशक्त बनाएगी।
अपने स्वागत उद्बोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि आज संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का उद्देश्य उन फ्रंटलाइन वर्कर्स के प्रयासों और श्रम को सम्मान देना है। साथ ही आकांक्षा हाट के माध्यम से मिठौरा ब्लॉक में आकांक्षी ब्लॉक के तहत किए गए प्रयासों को प्रदर्शित करना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा चयनित आकांक्षात्मक जनपदों एवं विकास खण्डों में गत वर्ष माह-जुलाई, 2024 से सितम्बर, 2024 की 03 माह की अवधि में “सम्पूर्णता अभियान” चलाया गया था। इस “सम्पूर्णता अभियान” में निर्धारित 06 कार्यक्रमों के तहत विभिन्न ब्लॉकों को संतृप्त किया जाना था। शासन एवं प्रशासन के मार्ग निर्देशन में एवं विभिन्न विभागों के फन्टलाइन वर्कर/कार्मिकों की सहायता से जनपद महराजगंज के विकास खण्ड-मिठौरा के अन्तर्गत उक्त कार्यक्रमों में से 02 कार्यक्रमों गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीकरण और  मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अन्तर्गत श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विकास खण्ड को संतृप्त किया गया। इसी प्रकार हमारे एक अन्य बलॉक निचलौल ने भी स्वास्थ्य व पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसके लिए इस क्षेत्र में अन्य कार्य करने हेतु निचलौल को 01 करोड़ रुपए मिलने की घोषणा हुई है। यह निचलौल के साथ साथ जनपद के लिए भी सम्मान की बात है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के 06 ब्लॉक पनियरा, परतावल, सदर, मिठौरा, निचलौल और नौतनवा आकांक्षी ब्लॉकों में सम्मिलित हैं। हम सबको समन्वित प्रयास से सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक संकेतक पर ये ब्लॉक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर लोगों के जीवन में आमूल–चूल परिवर्तन लाएं। जिला प्रशासन सुनिश्चित करेगा कि इसके लिए जो भी कमियां हैं, उन्हें चिन्हित कर दूर किया जाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विकास अधिकारी और अर्थ व संख्या अधिकारी द्वारा संपूर्णता अभियान के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को बताया गया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपनी कहानी, अपनी जुबानी बताकर लोगों को स्वरोजगार हेतु प्रेरित किया।
इससे पूर्व सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बच्चियों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया।
          
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला, नीति आयोग के प्रतिनिधि के अमितेश कुमार पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *