हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज: श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम लखिमा निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मुन्नी देवी का कहना है कि उनकी शादी राजकुमार पुत्र रामचन्द्र निवासी ग्राम लखिमा से हुई थी। आरोप है कि उनके पति ने दूसरी शादी कर ली है और दूसरी पत्नी के साथ बाहर रहते हैं। प्रार्थना पत्र के अनुसार, 4 जून 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे जब वह अपने बच्चों के लिए राशन मांगने ससुराल पहुंचीं, तब उनके देवर प्रदीप उर्फ छोटू, ननद अन्नू एवं अंजू तथा सास ममता देवी ने उनके और उनके बच्चों के साथ मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उनकी और उनके बच्चों की जान बचाई। उन्होंने यह भी कहा है कि उन्होंने दूसरी शादी नहीं की है, जबकि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही जान से मारने की साजिश रचे जाने की आशंका भी जताई है।
मुन्नी देवी ने पुलिस अधीक्षक से अपने तथा अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उत्पीड़न रोकने और आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

