छह इंच की स्लैब पर खड़ी पुलिया, ग्रामीणों ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बड़हरा वैध में बने पुलिया निर्माण की जांच की मांग, अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार


महराजगंज। विकास खंड मिठौरा के ग्राम पंचायत बड़हरा वैध में हाल ही में निर्मित पुलिया को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है, जिससे पुलिया की मजबूती और सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों के अनुसार गांव के प्रमुख संपर्क मार्ग पर बनाई गई यह पुलिया भारी वाहनों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। इसके बावजूद निर्माण के दौरान गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई। उनका दावा है कि पुलिया की स्लैब की मोटाई बेहद कम रखी गई है, जिससे इसकी भार वहन क्षमता प्रभावित हो सकती है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग से प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉली, कृषि उपकरणों से लदे वाहन तथा अन्य भारी साधन गुजरते हैं। ऐसे में यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है तो भविष्य में पुलिया के क्षतिग्रस्त होने या किसी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं रही और पूरे कार्य के दौरान प्रभावी निगरानी का अभाव दिखाई दिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो सरकारी धन से बनी यह परियोजना जल्द ही जवाब दे सकती है।


तकनीकी जानकारों के अनुसार किसी भी पुलिया की मजबूती उसकी डिजाइन, स्लैब की मोटाई, सरिया की मात्रा और कंक्रीट की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। इन मानकों में कमी आने पर संरचना की दीर्घकालिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।


मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत भेजकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।


इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *