वन अपराधियों पर वन विभाग की कड़ी नजर, जंगलों में बढ़ी चौकसी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


लक्ष्मीपुर और दक्षिणी चौक रेंज में संयुक्त गश्त अभियान, डीएफओ ने किया निरीक्षण


महराजगंज। वन क्षेत्रों में अवैध कटान, लकड़ी तस्करी और अन्य वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था और सख्त कर दी है। इसी क्रम में लक्ष्मीपुर एवं दक्षिणी चौक वन रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संयुक्त गश्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जंगलों के संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से निगरानी की जा रही है।


संयुक्त गश्त के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राजेंद्र निरंजन सुर्वे ने वन क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गश्ती दलों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए वनकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएफओ ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और वन अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने वनकर्मियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जंगल से सटे गांवों और सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी बढ़ाने को कहा गया।


वन विभाग की टीमों को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा संभावित वन तस्करों के ठिकानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का मानना है कि लगातार संयुक्त गश्त से वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई तेज होगी।


डीएफओ राजेंद्र निरंजन सुर्वे ने बताया कि विभाग की टीमें चौबीस घंटे जंगलों की सुरक्षा में लगी हुई हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वन अपराध, अवैध कटान अथवा तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


वन विभाग की इस सक्रियता से क्षेत्र में वन अपराधियों पर शिकंजा कसने और जंगलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *