महराजगंज जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पनियरा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 60 अदद बन्टी बबली देशी शराब बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान थाना पनियरा पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए ग्राम माधोनगर टोला असनहिया निवासी सहनाज पत्नी मुस्ताक को 19 अदद देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं मौलागंज निवासी गोलू मद्धेशिया पुत्र सदानन्द के पास से 20 अदद तथा बभनौली डॉक्टर टोला निवासी रामनेवास पुत्र रघुवीर के कब्जे से 21 अदद बन्टी बबली देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

