हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश भूमि विकास बैंक से जुड़े दो कर्मचारियों को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद बैंक परिसर और कर्मचारियों में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि चौक थाना क्षेत्र के दरहटा टोला लालपुर निवासी एक किसान ने बैंक से संबंधित ऋण प्रकरण में कर्मचारियों द्वारा अवैध धनराशि मांगने की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ऋण संबंधी कार्यों को पूरा करने और फाइल आगे बढ़ाने के एवज में निर्धारित राशि का हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा जा रहा था।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। सोमवार को नगर पंचायत चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने सहायक फील्ड ऑफिसर हरेराम प्रसाद और डीडी राइटर जय ओम यादव को कथित रिश्वत लेते समय रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
सूत्रों का कहना है कि जांच का दायरा केवल गिरफ्तार कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। बैंक की कार्यप्रणाली और ऋण स्वीकृति प्रक्रिया से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में कुछ अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ सकती है।
एंटी करप्शन टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

