हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
नौतनवा/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर के निकट ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्रवाई से नाराज एक ट्रक चालक ने बीच सड़क पर आत्महत्या का प्रयास कर दिया। चालक की हरकत से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम सोनौली क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को निर्धारित क्षमता से अधिक माल लदा पाए जाने पर सीज कर दिया गया। कार्रवाई से आक्रोशित चालक ने विरोध स्वरूप सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ट्रक के ऊपर चढ़ गया और वाहन में लगी लोहे की तार को अपने गले में लपेटकर जान देने की कोशिश करने लगा। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद चालक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा।
बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है।

